
अग्रसेन इंटर कॉलेज हरदुआगंज में एनसीसी कैंप, टीबी जागरूकता पर विशेष सत्र—सीएमओ हुए शामिल*
👉अलीगढ़। अग्रसेन इंटर कॉलेज हरदुआगंज में मंगलवार को आयोजित एनसीसी कैंप के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी जागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी शामिल हुए।
सीएमओ ने कहा कि “स्वस्थ समाज के निर्माण में युवा वर्ग की भूमिका सबसे अहम है। टीबी उन्मूलन में जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है।” उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी संदेश को व्यापक रूप से फैलाएँ।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला पीपीएम समन्वयक डेविड कुमार शाही ने कहा कि “टीबी पूरी तरह ठीक होने वाली बीमारी है, बशर्ते मरीज समय पर जांच और उपचार लें। युवा कैडेट यदि जागरूक बनें, तो टीबी उन्मूलन का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।”
उन्होंने टीबी की निःशुल्क जांच, मुफ्त दवाइयाँ, ₹1000 प्रतिमाह निक्षय पोषण सहायता, तथा निक्षय मित्र (माई भारत वॉलेंटियर) योजना की उपयोगिता को विस्तार से समझाया।
जिला टीबी/एचआईवी समन्वयक नईम अहमद ने रेसिस्टेंट टीबी के बढ़ते खतरे और इसके वैज्ञानिक उपचार की जानकारी देते हुए सभी को समय पर जांच कराने की सलाह दी।
—
टीबी के मुख्य लक्षण
दो सप्ताह से अधिक लगातार खांसी
बलगम में खून आना
शाम के समय बुखार
वजन व भूख में कमी
सीने में दर्द व अत्यधिक कमजोरी
सरकार की निःशुल्क सेवाएँ
आधुनिक तकनीक से मुफ्त टीबी जांच (CBNAAT/TrueNat)
सभी मरीजों को मुफ्त दवाइयाँ
₹1000 प्रतिमाह निक्षय पोषण सहायता
रेसिस्टेंट टीबी के लिए उन्नत उपचार
निक्षय मित्र योजना के तहत सामुदायिक सहयोग
कार्यक्रम में जिला समन्वयक पीयूष अग्रवाल, अरविन्द कुमार, तथा वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक सैयद फैजल इज़हार मौजूद रहे।
एनसीसी कैडेट्स ने टीबी उन्मूलन अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
