Wed. Feb 4th, 2026

अलीगढ़ में अखिलेश यादव के हमशक्ल का वीडियो वायरल, ‘अखिलेश भैया’ बन गए सलाउद्दीन

अलीगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हमशक्ल का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो अलीगढ़ के शाहजमाल तेलीपाड़ा इलाके में रहने वाले सपा कार्यकर्ता सलाउद्दीन का बताया जा रहा है, जिनकी शक्ल-सूरत अखिलेश यादव से हूबहू मिलती-जुलती बताई जा रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद सलाउद्दीन इलाके में चर्चा का विषय बन गए हैं। स्थानीय लोगों से लेकर सपा कार्यकर्ताओं तक, हर कोई उन्हें देखने और मिलने उनके घर पहुंच रहा है। सलाउद्दीन का कहना है कि पहले लोग उन्हें उनके नाम से जानते थे, लेकिन अब ज्यादातर लोग उन्हें “अखिलेश भैया” कहकर बुलाने लगे हैं। कई लोग उनके साथ फोटो और वीडियो भी बनवा रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं।

सलाउद्दीन ने बताया कि वायरल होने के बाद उनकी मुलाकात समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी से भी हुई। राजकुमार भाटी ने सलाउद्दीन के साथ तस्वीर साझा की थी, जिसके बाद यह मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि पहली नजर में सलाउद्दीन को देखकर कोई भी धोखा खा सकता है।

दिलचस्प बात यह है कि सलाउद्दीन अब अखिलेश यादव की तरह वेशभूषा भी अपनाने लगे हैं। लाल टोपी, कुर्ता-पायजामा और उनके अंदाज की नकल कर वे पूरी तरह ‘अखिलेश यादव लुक’ में नजर आने लगे हैं। सलाउद्दीन का कहना है कि उन्हें समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव से प्रेरणा मिलती है, इसलिए वे ऐसा कर रहे हैं।

फिलहाल सलाउद्दीन अपनी इस नई पहचान को लेकर खुश नजर आ रहे हैं। इलाके में लोग इसे दिलचस्प संयोग बता रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो खूब चर्चा बटोर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *