इंस्टाग्राम पर लिखा ‘मिस यू पापा’, 21 घंटे बाद सड़क हादसे में युवक की मौत
छत्तीसगढ़ के भिलाई से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए लिखा गया भावुक स्टेटस सच साबित होता नजर आया। स्टेटस डालने के महज 21 घंटे बाद ही युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिससे परिवार और इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मृतक की पहचान भिलाई निवासी प्रवीण के रूप में हुई है। हादसे से करीब 21 घंटे पहले प्रवीण ने इंस्टाग्राम पर अपने स्वर्गीय पिता को याद करते हुए लिखा था— “मिस यू पापा… बहुत याद आ रही है आज आपकी। आकर मुझे भी अपने साथ ले जाओ ना पापा, बहुत वक्त हो गया आपसे बात किए हुए।” इस भावुक संदेश ने अब लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रवीण कार से कहीं जा रहा था, तभी तेज रफ्तार के कारण उसकी गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों के अनुसार, प्रवीण अपने पिता की मौत के बाद से मानसिक रूप से काफी परेशान रहता था। उसकी अचानक हुई मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लोग भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
