Sat. Feb 14th, 2026

एनडीआरएफ ने छात्राओं को सिखाए आपदा से बचाव के गुर

बुलंदशहर। डिबाई क्षेत्र के पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पला कसेर में शासन के निर्देशों के अनुपालन में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 8वीं बटालियन द्वारा आपदा से बचाव संबंधी विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रहने और दूसरों की सहायता करने के लिए प्रशिक्षित करना था।

टीम इंचार्ज उज्ज्वल कांत पाण्डेय (एसआई) के नेतृत्व में महिला विंग की टीम ने छात्राओं को भूकंप, बाढ़ तथा अन्य आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को बताया गया कि भूकंप की स्थिति में किस प्रकार सुरक्षित स्थान का चयन करें, ‘ड्रॉप, कवर और होल्ड’ तकनीक का पालन करें तथा अफरा-तफरी से बचें। वहीं बाढ़ की स्थिति में ऊंचे स्थान पर जाने, विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने के बारे में समझाया गया।

कार्यक्रम में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की भी विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को घायलों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने, सीपीआर देने, रक्तस्राव रोकने तथा अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया गया। छात्राओं ने स्वयं भी इन तकनीकों का अभ्यास कर आपात स्थिति में तत्परता दिखाने का संकल्प लिया।

आठ सदस्यीय दल द्वारा विद्यालय को आपदा बचाव किट भी प्रदान की गई, जिसमें प्राथमिक उपचार सामग्री एवं आवश्यक उपकरण शामिल हैं। इस अवसर पर लक्ष्मीकांत, दिनेश चंद, प्रमोद कुमार, वीर प्रताप सिंह, हरेंद्र सिंह, अवधेश कुमार, पीयूष कुमार सहित दीप्ती, काजल, कैफे और केशर आदि छात्राओं का विशेष सहयोग रहा।

विद्यालय प्रशासन ने एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास और आपदा प्रबंधन की समझ विकसित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *