गैस बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का खतरा, पुलिस ने जारी की चेतावनी
जमशेदपुर। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच अब साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। जमशेदपुर पुलिस ने आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए चेतावनी जारी की है कि एलपीजी और पीएनजी कनेक्शन के नाम पर ठगी के मामलों में तेजी आई है।
पुलिस के अनुसार, ठग फर्जी वेबसाइट, मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सस्ते गैस सिलेंडर या तुरंत कनेक्शन दिलाने का झांसा दे रहे हैं। कई मामलों में वे खुद को गैस एजेंसी का अधिकारी बताकर ग्राहकों से ऑनलाइन भुगतान या ओटीपी साझा करने को कहते हैं।
हाल ही में सामने आए मामलों में ठगों ने उपभोक्ताओं से रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट और बुकिंग चार्ज के नाम पर हजारों रुपये वसूल लिए। इसके बाद उनका मोबाइल नंबर बंद कर दिया जाता है या संपर्क पूरी तरह खत्म कर दिया जाता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति के कारण गैस आपूर्ति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है, जिसका फायदा साइबर अपराधी उठा रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को केवल आधिकारिक माध्यमों से ही गैस बुकिंग करने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कुछ जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें और केवल अधिकृत गैस एजेंसी या सरकारी ऐप के जरिए ही भुगतान करें।
यदि कोई व्यक्ति ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जागरूकता और सतर्कता ही इस तरह के साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।
