ग्राम पंचायत कर्णवास में टला बड़ा हादसा, मुख्य मार्ग की बदहाली पर उठे सवाल
कर्णवास ग्राम पंचायत में 11 फरवरी को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब बाहर से आए श्रद्धालुओं से भरी एक गाड़ी मुख्य मार्ग पर बने नाले में फंस गई। बताया जा रहा है कि मार्ग पर अत्यधिक कीचड़ और गड्ढों के कारण चालक को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे वाहन असंतुलित होकर नाले में धंस गया।
घटना के बाद गांव के स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग का घाट के पीछे का कुछ हिस्सा कागजों में पक्का दर्शाया गया है, जबकि जमीनी हकीकत में यह पूरी तरह कच्चा और जर्जर अवस्था में है। कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी मार्ग से हजारों-लाखों श्रद्धालु श्री कल्याणी देवी मंदिर में दर्शन करने तथा गंगा स्नान के लिए गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और ग्राम प्रधान को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं और ग्राम प्रधान भी इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं। उनका कहना है कि समय रहते कदम न उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
