Wed. Feb 4th, 2026

जयपुर: मस्जिद के बाहर रेलिंग हटाने को लेकर विवाद, पथराव में 6 पुलिसकर्मी घायल

राजस्थान की राजधानी जयपुर के चौमू इलाके में एक धार्मिक स्थल के बाहर लगी रेलिंग हटाने को लेकर सोमवार को विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। दो समुदायों के बीच शुरू हुए इस विवाद के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विवाद रेलिंग हटाने को लेकर आपसी कहासुनी से शुरू हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। एहतियातन अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *