Tue. Feb 10th, 2026

डिबाई से 40 छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण दल उत्तराखंड रवाना, तकनीकी शिक्षा और नवाचार से होगा परिचय

डिबाई (बुलन्दशहर)। जनपद बुलन्दशहर के विधानसभा क्षेत्र डिबाई स्थित ‘पीएम श्री’ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पला कसेर की 40 सदस्यीय छात्राओं का दल शुक्रवार को शैक्षिक एक्सपोजर विजिट के तहत उत्तराखंड के लिए रवाना हुआ। यह भ्रमण विद्यालय की शिक्षिका माया यादव (प्रभारी) एवं शालिनी (सह-प्रभारी) के कुशल नेतृत्व में संपन्न कराया जा रहा है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अखिलेश कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस शैक्षिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को तकनीकी शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ ऐसे शैक्षिक भ्रमण छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस यात्रा के दौरान छात्राएं देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी रुड़की, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार तथा वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई), देहरादून का भ्रमण करेंगी।

इन संस्थानों में छात्राएं आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान, योग एवं आयुर्वेद, पर्यावरण संरक्षण तथा नवाचार से जुड़ी गतिविधियों को नजदीक से देखेंगी। प्रधानाचार्य ने विश्वास जताया कि इस अनुभव से छात्राओं को भविष्य में करियर चयन, उच्च शिक्षा और उद्यमिता के प्रति प्रेरणा मिलेगी।

छात्राओं के प्रस्थान के अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। प्रधानाचार्य अखिलेश कुमार, जमील अख्तर, मोहम्मद कमर और अफजाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। इस दौरान दिनेश चंद, अवधेश कुमार, अजय यादव, लेने शर्मा सहित अनेक शिक्षक, अभिभावकगण तथा बड़ी संख्या में छात्राओं की माताएं उपस्थित रहीं।

अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नए अवसरों से परिचित कराते हैं। उन्होंने इसे छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और समग्र विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *