दुःखद समाचार: खैरपुर गांव का वीर सपूत तिलक सिंह जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान शहीद
डिबाई विधानसभा क्षेत्र के कर्णवास रोड स्थित खैरपुर गांव के वीर सपूत तिलक सिंह (उम्र 35 वर्ष) का 15 मार्च को जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। तिलक सिंह भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में कार्यरत थे और देश की सेवा करते हुए उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिजनों में गहरा दुख है, वहीं हर कोई अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि देने की तैयारी कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिलक सिंह का पार्थिव शरीर 17 मार्च की सुबह लगभग 9 बजे उनके पैतृक गांव खैरपुर पहुंचेगा। इसके बाद अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को रखा जाएगा, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
गांव के लोगों ने बताया कि तिलक सिंह शुरू से ही देश सेवा के लिए समर्पित थे। उनके बलिदान पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।
ग्रामीणों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और सेना के अधिकारियों द्वारा वीर सपूत को अंतिम विदाई दी जाएगी।
जय हिन्द, जय भारत।
