Tue. Feb 10th, 2026

फागुन माह की शिवरात्रि पर कर्णवास से हरिद्वार के लिए कांवड़ यात्रा रवाना

कर्णवास। फागुन माह की पावन शिवरात्रि के उपलक्ष्य में कर्णवास के शिव भक्त 8 फरवरी को कांवड़ भरने हेतु हरिद्वार के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर पूरा कर्णवास क्षेत्र “बम बम भोले” और “हर हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था का वातावरण देखने को मिला।

कांवड़ यात्रा में शामिल शिव भक्त विधिविधान से पूजा-अर्चना कर कंधों पर कांवड़ धारण कर पदयात्रा पर निकले। स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर एवं मंगलकामनाओं के साथ कांवड़ियों को विदा किया। यह कांवड़ पदयात्रा हरिद्वार से पवित्र गंगाजल भरकर कर्णवास तक लाई जाएगी।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिव भक्त कर्णवास स्थित प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ को कांवड़ अर्पित कर विधिवत जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।

महाशिवरात्रि के दिन भूतेश्वर महादेव मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। शिव भक्तों का मानना है कि कांवड़ यात्रा से भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होती है तथा क्षेत्र में धार्मिक चेतना का संचार होता है।

महाशिवरात्रि के दिन कर्णवास में स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर एक बार फिर “बम बम भोले” के जयकारों से गूंज उठेगा और पूरा वातावरण शिवमय हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *