बॉय फ्रेंड को लेकर नर्सिंग होम में हंगामा, नर्स की पिटाई कर मोबाइल छीना, फोटो-वीडियो वायरल कर ब्लैकमेलिंग
डिबाई (बुलंदशहर)।
जनपद के डिबाई कोतवाली क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम से नर्स की निजता के घोर हनन और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवती ने नर्स के बॉय फ्रेंड को लेकर न केवल नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया, बल्कि नर्स के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
पीड़िता के अनुसार, वह डिबाई क्षेत्र के एक नर्सिंग होम में नर्स के पद पर कार्यरत है। बीते दिनों काजल कुमारी नाम की युवती अचानक नर्सिंग होम पहुंची और वहां मौजूद नर्स के बॉय फ्रेंड के साथ मारपीट करने लगी। विवाद बढ़ता देख नर्स ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, जिससे नाराज होकर आरोपी युवती ने नर्स के साथ भी हाथापाई शुरू कर दी।
आरोप है कि मारपीट के दौरान काजल कुमारी ने नर्स का मोबाइल फोन छीन लिया। बाद में मोबाइल में मौजूद नर्स के निजी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो निकालकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए। इतना ही नहीं, आरोपी ने फोटो-वीडियो और अधिक वायरल करने की धमकी देकर नर्स से दो बार में हजारों रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान पीड़िता ने डिबाई कोतवाली पहुंचकर आरोपी युवती के खिलाफ तहरीर दी। पीड़िता ने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि उसका मोबाइल फोन वापस नहीं दिलाया गया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो जाएगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी युवती काजल कुमारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
