Fri. Feb 13th, 2026

भूतेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब

हरिद्वार से कांवड़ लाकर पदयात्रा करते हुए श्रद्धालुV करेंगे जलाभिषेक, प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां

बुलंदशहर जनपद के कर्णवास स्थित प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर में इस वर्ष भी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। हर वर्ष की भांति इस बार भी हजारों की संख्या में शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल की कांवड़ भरकर पदयात्रा करते हुए बाबा भूतेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेंगे। मंदिर परिसर ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठेगा।

महाशिवरात्रि के अवसर पर कर्णवास में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। डिबाई क्षेत्र सहित आसपास के गांवों और दूर-दराज जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचेंगे। भक्तजन पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करेंगे। मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना से भोलेनाथ प्रसन्न होकर भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।

मंदिर में जल चढ़ाने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगने की संभावना है। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंदिर समिति और बाबा के सेवादार भी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर परिसर में साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सेवादार लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने में सहयोग करेंगे।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कर्णवास का भूतेश्वर महादेव मंदिर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का केंद्र बन जाएगा। हजारों भक्तों की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठेगा और भक्तों पर भूतेश्वर महादेव की कृपा वर्षा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *