Sun. Mar 22nd, 2026

मथुरा में शनिवार तड़के एक दर्दनाक घटना में गोरक्षक “फरसे वाले बाबा” के नाम से प्रसिद्ध चंद्रशेखर की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर उर्फ फरसे वाले बाबा कथित रूप से गोवंश से भरे एक संदिग्ध कंटेनर का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक वाहन को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बीच पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में गोरक्षक और हिंदूवादी संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इस घटना को सुनियोजित हत्या करार दिया।
घटना के विरोध में लोगों ने आगरा-दिल्ली हाईवे को जाम कर दिया और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गोतस्करों ने जानबूझकर बाबा को कुचलकर मार डाला। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई, जिससे स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई।
हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने घटना को सड़क दुर्घटना बताया है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि थाना कोसी क्षेत्र में घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी वजह से पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के एक ट्रक चालक ने चंद्रशेखर को नहीं देख पाया और उन्हें टक्कर मार दी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
इस घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *