क्रिसमस पर सिलाई प्रशिक्षण केंद्र पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
डिबाई। भारत विकास परिषद डिबाई द्वारा संचालित नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षणार्थियों द्वारा क्रिसमस दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षिका नीलम वर्मा का जन्मदिन भी मनाया गया। शाखा अध्यक्ष इं. सोमवीर सिंह लोधी, सचिव विजय कुमार राय, कोषाध्यक्ष नौरंगी लाल और रेनू जैसवाल ने उन्हें शाखा की ओर से उपहार भेंट कर जन्मदिन की बधाई दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे जे पी वार्ष्णेय ने सफलता पूर्वक प्रशिक्षण पूरा कर चुकी छात्राओं को प्रमाण पत्र भेंट किये। प्रांतीय परिषद सदस्य गिरीश कुमार गुप्ता ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाजपेई जी ने सर्वधर्म समभाव की भावना को अपने जीवन में अपनाया। अजय कुमार लोधी ने अपने उद्बोधन में कहा कि 26 दिसम्बर सिख धर्मगुरु गोबिंद सिंह के साहिबज़ादों जोरावर सिंह और फतेह सिंह का बलिदान दिवस भी जिन्होंने धर्म, आस्था और सत्य के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
सोमवीर सिंह लोधी ने कहा कि दिल्ली के कैथेड्रल चर्च में प्रधानमंत्री मोदी ने प्रार्थना में शामिल होकर देश-विदेश के ईसाई समुदाय को क्रिसमस की शुभकामनाएं देकर सांप्रदायिक सौहार्द, प्रेम और एकता का संदेश दिया जो भारत की विविधता में एकता की ताकत से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रांतीय परिषद सदस्य पी पी सिंह ने किया।
