आगरा के बाल वीर अजय राज को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार–2025’
नई दिल्ली/आगरा।
आगरा के वीर बालक अजय राज को आज नई दिल्ली में माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के कर-कमलों से ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार–2025’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अजय राज की असाधारण बहादुरी, त्वरित सूझबूझ और अद्भुत धैर्य की देशभर में सराहना की गई।
गौरतलब है कि अजय राज ने मगरमच्छ के अचानक हुए हमले के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने पिता के प्राणों की रक्षा की थी। विषम परिस्थितियों में दिखाए गए उनके साहसिक कार्य ने न केवल उपस्थित लोगों को चकित किया, बल्कि पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश सहित आगरा जनपद में हर्ष और गर्व का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने अजय राज को बधाइयाँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अजय राज का यह साहसिक कार्य देशभर के बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है और यह संदेश देता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी साहस और समझदारी से बड़ी चुनौतियों को पार किया जा सकता है।
