Wed. Feb 4th, 2026

छतारी में देर रात भीषण आग, सात दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान
बुलंदशहर जनपद के कस्बा छतारी में देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब थाना छतारी क्षेत्र के मैन बाजार चौराहे के पास स्थित सात दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते सातों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सातों दुकानों का सारा सामान पूरी तरह जल चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही बाजार में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग से कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *