Wed. Feb 4th, 2026

कागज़ों में पक्का सड़क, मौके पर कच्चा रास्ता

ग्राम पंचायत कर्णवास में विकास कार्यों में बड़ा घोटाला उजागर

 

जनपद बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र की ग्राम पंचायत कर्णवास में विकास कार्यों के नाम पर बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। सरकारी अभिलेखों में जिस रास्ते को पक्का सड़क दर्शाया गया है, वह मौके पर आज भी कच्चा मार्ग ही बना हुआ है। इस खुलासे ने ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत रिकॉर्ड में सड़क निर्माण पर लाखों रुपये खर्च दिखाए गए हैं, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि उस मार्ग पर आज तक न तो सीमेंट डली और न ही कोई पक्का निर्माण हुआ। केवल मिट्टी का रास्ता ही ग्रामीणों की आवाजाही का सहारा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि फर्जी मस्टर रोल, झूठी फोटो और कागज़ी कार्य पूर्ण दिखाकर सरकारी धन का गबन किया गया है। यह रास्ता गांव के महत्वपूर्ण हिस्से को जोड़ता है, लेकिन बरसात के मौसम में हालत और भी बदतर हो जाती है।

इस पूरे मामले ने ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान की मिलीभगत की पोल खोलकर रख दी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक संज्ञान लेता है और क्या जनता के टैक्स के पैसे की लूट पर रोक लग पाती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *