Fri. Jul 31st, 2026

डिबाई पुलिस ने तीन घंटे में चार वर्षीय मासूम बच्ची को सकुशल खोजा, परिजनों ने जताया आभार

डिबाई (बुलंदशहर)। थाना डिबाई पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सराहनीय कार्य किया है। घर के बाहर खेलते समय लापता हुई चार वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने मात्र तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र में रहने वाली चार वर्षीय बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। काफी देर तक बच्ची का कोई पता नहीं चलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल थाना डिबाई पुलिस को सूचना दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह चौहान ने बिना समय गंवाए चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया और संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई।

लगातार प्रयासों और सूझबूझ के चलते पुलिस टीमों ने महज तीन घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल खोज निकाला। इसके बाद बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची को सुरक्षित देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने राहत की सांस ली।

परिजनों ने थाना डिबाई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मानवीय संवेदनशीलता और अथक प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए थाना प्रभारी विशाल प्रताप सिंह चौहान सहित पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

ऑपरेशन मुस्कान के तहत डिबाई पुलिस द्वारा की गई यह सफलता न केवल पुलिस की कार्यकुशलता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि आमजन की सुरक्षा और बच्चों की सकुशल बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *