Sat. Aug 1st, 2026

राजघाट के कालेराजा मंदिर में रामचरित मानस पाठ शुरू: सावन माह तक चलेगा, भक्तों ने की विधिवत पूजा-अर्चना

 

 

डिबाई स्थित राजघाट के प्राचीन कालेराजा चामुंडा मंदिर में शुक्रवार को सावन माह के अवसर पर रामचरित मानस पाठ का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे सावन माह तक चलेगा।

 

मंदिर परिसर में दोपहर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वेदपाठी पंडितों ने मंत्रोच्चारण कर कलश स्थापना की और राम दरबार की पूजा के बाद रामायण पाठ शुरू कराया।

 

पाठ के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने दीप प्रज्वलित कर भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान जी का पूजन किया। भक्तों ने ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

 

इस धार्मिक आयोजन का समापन अंतिम दिन भंडारे और हवन के साथ होगा। इस अवसर पर पंडित दीपक शर्मा, विशाल कश्यप, नेमपाल निषाद, गोपाल निषाद, राहुल केवट, देवेंद्र कुमार, अनु निषाद, बबली पंडित, अर्जुन निषाद, गंगासरन शर्मा और शिवशंकर केवट सहित कई भक्तगण मौजूद रहे।

 

उपस्थित सभी भक्तों ने क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए प्रभु श्रीराम से आशीर्वाद मांगा। एक ग्रामीण ने बताया कि कालेराजा मंदिर आस्था का केंद्र है, जहां सावन में होने वाले धार्मिक आयोजनों में दूर-दराज से श्रद्धालु आते हैं।

 

आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पूरे महीने चलने वाले इस पाठ में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *