कर्णवास में कांवड़ियों की सेवा को आगे आए ठाकुर अभय प्रताप सिंह, जल व प्रसाद का किया वितरण
कर्णवास (डिबाई, बुलंदशहर)। सावन शिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर कांवड़ यात्रा मार्गों पर शिवभक्तों की सेवा का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में डिबाई क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी कर्णवास निवासी ठाकुर अभय प्रताप सिंह ने कांवड़ियों की सेवा करते हुए जल वितरण किया और उन्हें केला, जीरा सरबत व फ्रूटी का प्रसाद वितरित किया। सेवा के दौरान कांवड़ियों में उत्साह दिखाई दिया और वातावरण “बम-बम भोले” के जयकारों से गूंज उठा।
सावन माह में गौमुख तथा हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ियों के लिए मार्ग में जलपान और शीतल पेय की व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए काफी राहत देने वाली साबित हो रही है। कर्णवास क्षेत्र से गुजरने वाले कांवड़ियों को ठाकुर अभय प्रताप सिंह एवं उनके सहयोगियों ने रोककर पानी व शीतल पेय उपलब्ध कराया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को केला, जीरा सरबत और फ्रूटी का प्रसाद भी वितरित किया गया।
सेवा के दौरान कांवड़ियों ने प्रसाद ग्रहण किया और सेवा कार्य में जुटे लोगों का आभार जताया। बारिश के मौसम के बावजूद कांवड़ियों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई। कई कांवड़िए पैदल यात्रा करते हुए भगवान शिव के जयकारे लगाते आगे बढ़ रहे थे। सड़क पर कांवड़ियों के जत्थे और उनके साथ चल रहे परिजनों व सहयोगियों से भक्तिमय माहौल बना रहा।
ठाकुर अभय प्रताप सिंह ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है। सावन के पावन महीने में शिवभक्तों की सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समाज के लोगों को आगे आकर अपनी क्षमता के अनुसार सेवा करनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने भी इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कांवड़ियों के लिए जगह-जगह जल, फल और शीतल पेय की व्यवस्था होने से उन्हें लंबी यात्रा के दौरान काफी राहत मिलती है। सेवा के दौरान “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय नजर आया।
