Mon. Jul 13th, 2026

कर्णवास में भूमाफियाओं पर गिरी गाज, चारागाह भूमि खाली करने के दिए आदेश

डिबाई (बुलंदशहर)। डिबाई तहसील क्षेत्र के ग्राम कर्णवास में ग्राम समाज की चारागाह भूमि पर कथित अवैध कब्जे के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में तहसील प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और भूमि का निरीक्षण कर सीमांकन कराया। नाप-जोख के बाद अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति को चारागाह भूमि तत्काल खाली करने के निर्देश दिए।

तहसीलदार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यह भूमि ग्राम समाज की चारागाह भूमि है और इस पर किसी भी प्रकार का निजी कब्जा या निर्माण स्वीकार्य नहीं होगा। यदि निर्धारित समय में भूमि खाली नहीं की गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन चारदीवारी पर स्पष्ट रूप से “चारागाह भूमि” लिखवाया, ताकि भूमि की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक रूप से स्पष्ट हो सके और भविष्य में किसी प्रकार का भ्रम न रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि कर्णवास में वर्षों से ग्राम समाज की कई सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ बाहरी लोगों द्वारा गौशाला, वेद विद्यालय, धर्मशाला तथा अन्य संस्थाओं के नाम पर हजारों बीघा सार्वजनिक भूमि पर कब्जा किए जाने के आरोप हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि ऐसे मामलों में आवाज उठाने वाले लोगों को धमकियां दी जाती हैं तथा झूठे मुकदमों में फंसाने का भय दिखाया जाता है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में राहत का माहौल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि ग्राम समाज की भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। वहीं प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि सरकारी एवं ग्राम समाज की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *