Mon. Jul 27th, 2026

डिबाई: आवारा सांड की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल

 

डिबाई क्षेत्र में आवारा गोवंश की समस्या एक बार फिर जानलेवा बन गई। रविवार शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही घटना आवारा सांड की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।

 

जानकारी के अनुसार गांव सेदमा निवासी धर्मेंद्र पुत्र बुद्धसेन, उम्र 32 वर्ष और उसका साथी नीरज चौधेरा गांव से किसी काम से निपटकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे लक्ष्मपुर गांव के पास पहुंचे, तभी सड़क पर एक आवारा सांड ने अचानक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

 

इस हादसे में सांड का सींग धर्मेंद्र के पेट में जा लगा। वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। पीछे बैठे नीरज को मामूली चोटें आई हैं।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों को सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

बताया गया कि धर्मेंद्र जेसीबी चालक था और इसी काम से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा गोवंश सड़कों और हाईवे पर खुलेआम घूम रहे हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा गोवंश को पकड़कर गौशालाओं में रखा जाए और सड़कों पर नियमित गश्त की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *