यूपी में ई-केवाईसी के लिए चार दिन शेष, लापरवाही पर मुफ्त राशन होगा बंद
अमेठी। उत्तर प्रदेश में राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। अमेठी जिले में दिसंबर तक ई-केवाईसी न कराने वाले लगभग 1.04 लाख यूनिटों का मुफ्त राशन बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में लाभार्थियों के पास अब केवल चार दिन शेष बचे हैं।
जिले में कुल 70 हजार अंत्योदय कार्डधारक और 2.71 लाख पात्र गृहस्थी कार्डधारक पंजीकृत हैं। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक राशन कार्डधारक को प्रत्येक पांच वर्ष में ई-केवाईसी कराना आवश्यक है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है।
जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी पूरी न होने पर संबंधित यूनिटों का राशन स्वतः बंद हो जाएगा। उन्होंने छूटे हुए सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने नजदीकी कोटेदार या निर्धारित केंद्र पर जाकर ई-केवाईसी करा लें, ताकि उन्हें मुफ्त राशन योजना का लाभ मिलता रहे।
प्रशासन की ओर से लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही बरतने वालों की संख्या चिंताजनक बनी हुई है।
