Sat. Mar 28th, 2026
नरौरा (थाना क्षेत्र) | ग्राम रतनपुर में 12 वर्षीय बालिका की पिटाई से मौत, पिता फरार

रामघाट/नरौरा (बुलंदशहर)। नरौरा थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुर में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। परचून की दुकान से टॉफी का डिब्बा लाने की बात पर नाराज़ होकर पिता ने अपनी 12 वर्षीय पुत्री की डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता घर से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रतनपुर निवासी पुष्पेंद्र उर्फ पप्पू ने अपनी पुत्री पूजा (12 वर्ष) को कथित रूप से टॉफी का डिब्बा लाने पर डंडों से बुरी तरह पीटा। गंभीर चोट लगने से बालिका की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी ने घर का दरवाज़ा अंदर से बंद कर लिया और पत्नी आरती को शोर मचाने से भी रोका। पुत्री को बचाने के प्रयास में मां आरती को भी चोटें आईं।
बताया जाता है कि बृहस्पतिवार सायं आरोपी घर का दरवाज़ा बाहर से बंद कर फरार हो गया। इसके बाद आरती ने किसी तरह ग्रामीणों की मदद से दरवाज़ा खुलवाया, तब घटना की जानकारी गांव में फैली। शुक्रवार दोपहर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी गंगा प्रसाद राजपूत ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया डंडे से चोट लगने के कारण बालिका की मौत होना सामने आया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
यह दर्दनाक घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *