महीने में 2 बार आते हैं पोस्ट ऑफिस पोस्टमैन, ग्रामीणों में आक्रोश
डाक वितरण ठप, युवाओं की नौकरी के अवसर प्रभावित
डिबाई तहसील के ग्राम पंचायत कर्णवास स्थित पोस्ट ऑफिस में तैनात पोस्टमैन को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग छह महीनों से पोस्टमैन न तो नियमित रूप से पोस्ट ऑफिस आ रहा है और न ही गांव में डाक वितरण कर रहा है।
गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने पिछले छह महीनों से पोस्टमैन को पोस्ट ऑफिस में नहीं देखा है। कई बार फोन करने के बावजूद वह कॉल रिसीव नहीं करता। ग्रामीणों का आरोप है कि ड्यूटी के प्रति पूरी तरह लापरवाही बरती जा रही है, जिससे गांव की डाक व्यवस्था चरमरा गई है।
डाक समय पर न मिलने से गांव के युवाओं को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं के कॉल लेटर, इंटरव्यू संबंधित पत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज समय पर न पहुंचने के कारण कई युवा नौकरी के अवसरों से वंचित रह गए हैं। इससे उनके भविष्य पर सीधा असर पड़ रहा है।
इसके अलावा बुजुर्गों की पेंशन संबंधी पत्राचार, बैंकिंग दस्तावेज और सरकारी योजनाओं से जुड़ी डाक भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई महत्वपूर्ण पत्र महीनों से लंबित पड़े हैं।
ग्रामवासियों ने संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को अनेक बार इस समस्या से अवगत कराया है लेकिन अभी तक मामले की जांच कर कोई कठोर कार्रवाई नही हुई है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही डाक वितरण व्यवस्था सुचारू नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराएंगे।
ग्रामीणों की मांग है कि कर्णवास पोस्ट ऑफिस में नियमित रूप से पोस्टमैन की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को समय पर डाक मिल सके और भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़ बंद हो। अब देखना यह होगा कि अधिकारी गण कब तक इस समस्या का समाधान कर पाएंगे या फिर यह खेल ऐसे ही चलता रहेगा।
