Mon. Jul 27th, 2026

कर्णवास में मां कल्याणी देवी के दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब, कई किलोमीटर लंबा जाम

डिबाई (बुलंदशहर)। आषाढ़ मास शुक्ल पक्ष के गुप्त नवरात्र के अवसर पर ऐतिहासिक एवं पौराणिक तीर्थ नगरी कर्णवास स्थित मां कल्याणी देवी मंदिर में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर भक्तों का सैलाब देखने को मिला। एटा, फर्रुखाबाद, बदायूं, सम्भल, कासगंज सहित डिबाई, नरौरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु मां के दरबार में शीश नवाने पहुंचे।

श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के कारण राजघाट-डिबाई-कर्णवास मार्ग पर सुबह लगभग 6:30 बजे से ही यातायात प्रभावित हो गया। बिलोना रूप से लेकर कर्णवास तक करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज बारिश के बीच भी श्रद्धालु भीगते हुए पैदल ही मंदिर की ओर बढ़ते रहे। खराब मौसम और अव्यवस्थाओं के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दी। हर ओर “जय मां कल्याणी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

भीड़ को देखते हुए पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा वाहनों की निकासी के लिए वैकल्पिक मार्गों की पर्याप्त व्यवस्था न होने से कई वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण आसपास के खेतों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे किसानों की फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

जाम की स्थिति देर शाम तक बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और धीरे-धीरे वाहनों का संचालन सामान्य कराया।

डिबाई थाना प्रभारी रजत ने बताया कि मां कल्याणी देवी मंदिर में प्रत्येक सोमवार तथा विशेष पर्वों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। इस बार लगातार बारिश के कारण खेतों में जलभराव हो गया था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने सड़क के दोनों ओर वाहनों को व्यवस्थित खड़ा कराया तथा यातायात को सुचारु रूप से संचालित कराया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *