राजघाट के प्रसिद्ध वन खंडेश्वर महादेव मंदिर में सावन माह के दौरान अमरनाथ धाम की तर्ज पर बर्फ की शिवलिंग स्थापित की गई। सोमवार देर रात स्थापित इस शिवलिंग के दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे।
अलीगढ़ के आयोजकों ने बर्फ के विशाल खंडों का उपयोग कर महादेव की शिवलिंग का निर्माण किया। शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा और गंगाजल अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई।
मंदिर परिसर में देर रात महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों और शंख-घंटियों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया। सैकड़ों भक्तों ने बर्फ की शिवलिंग के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कई श्रद्धालुओं ने पहली बार इतनी करीब से बर्फ की शिवलिंग के दर्शन किए। दर्शन के उपरांत सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सावन में श्रद्धालुओं को एक विशेष अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। बर्फ की शिवलिंग के दर्शन रात्रि 10 बजे तक जारी रहे।
