Wed. Aug 5th, 2026

अवंतीबाई चौराहे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल, चालक हिरासत में

अलीगढ़। गंगा स्नान के लिए रामघाट जा रहे दंपती को अवंतीबाई चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार भगवान दास गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, थाना क्वार्सी निवासी करीब 55 वर्षीय भगवान दास पत्नी सुनीता देवी के साथ बाइक से रामघाट जा रहे थे। जैसे ही वे अवंतीबाई चौराहे के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक ने तेज गति और लापरवाही से बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े, जिससे भगवान दास के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना पर थाना अतरौली पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक सहित चालक अजमल पुत्र तस्दीक निवासी मोहनपुर अवांपुर थाना सहावर जनपद कासगंज को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *