Thu. Aug 20th, 2026
  1. कर्णवास में शराब व नशे के खिलाफ शिकायत पर जांच से असंतुष्ट शिकायतकर्ता, निष्पक्ष पुनः जांच की मांग

कर्णवास। ग्राम कर्णवास में सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन, गांजा-भांग के उपयोग, झगड़ा-मारपीट तथा छात्र-छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर की गई शिकायत के बाद आबकारी विभाग द्वारा जांच की गई। हालांकि शिकायतकर्ता ने जांच रिपोर्ट को गलत और वास्तविक स्थिति से अलग बताते हुए गंभीर असंतोष जताया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी मूल शिकायत शराब की दुकान की वैधता या शराब बिक्री की जांच को लेकर नहीं थी, बल्कि शराब की दुकान के आसपास एवं सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने, नशे के सेवन, गाली-गलौज और झगड़े जैसी गतिविधियों को लेकर थी। उनका आरोप है कि जांच के दौरान वास्तविक समस्या वाले स्थान और वहां की परिस्थितियों की गंभीरता से जांच नहीं की गई।

कर्णवास में श्री देवत्रय आदर्श इंटर कॉलेज के आसपास बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का आवागमन रहता है। इसके अलावा बुधवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और ग्रामीण पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर नशे का सेवन और विवाद की घटनाएं सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

शिकायतकर्ता का कहना है कि आबकारी विभाग की रिपोर्ट में भी यह उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में छात्र-छात्राओं का आवागमन अधिक है और ऐसी गतिविधियों से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। इसके बावजूद शिकायत के मूल मुद्दे पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

🔴 शिकायतकर्ता ने उठाए गंभीर सवाल

शिकायतकर्ता ने मांग की है कि पूर्व जांच रिपोर्ट को अंतिम मानकर शिकायत का निस्तारण न किया जाए और उच्च अधिकारी से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पुनः स्थलीय जांच कराई जाए। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए।

उन्होंने मांग की है कि विद्यालय, धार्मिक स्थल और साप्ताहिक बाजार के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा सार्वजनिक स्थान पर शराब और नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

शिकायतकर्ता का कहना है कि मामला किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि गांव के बच्चों, महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक शांति से जुड़ा गंभीर जनहित का विषय है।

रिपोर्ट: सौरभ आर्जव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *