Tue. Aug 18th, 2026
रामघाट कल्याण सिंह मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, छह घायल

डिबाई के रामघाट थाना क्षेत्र में कल्याण सिंह मार्ग पर मंगलवार सुबह करीब 7 बजे थाने के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ के अतरौली क्षेत्र के ग्राम इस्माइलपुर निवासी हरिओम पुत्र ओमप्रकाश और खड़क सिंह पुत्र बादाम सिंह बाइक से रामघाट गंगा स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान अलीगढ़ के टोडलपुर निवासी किशोरी पुत्र अमर सिंह बाइक से अपने तीन बच्चों भवनेश (9 वर्ष), संदीप (11 वर्ष) और पीयूष पुत्र राजाराम (9 वर्ष) को अतरौली स्थित सेंट जॉन्स स्कूल छोड़ने जा रहे थे।

रामघाट थाने से आगे कल्याण सिंह मार्ग पर दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में सभी छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची रामघाट थाना पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

बताया जा रहा है कि भवनेश पुत्र किशोरी और हरिओम पुत्र ओमप्रकाश की हालत गंभीर है। सभी घायलों का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *