जन्माष्टमी पर कर्णवास के गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस

कर्णवास (बुलंदशहर)। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कर्णवास स्थित गंगा घाटों पर गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त कर्णवास पहुंचे और मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कर्णवास पुलिस चौकी की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
कर्णवास चौकी इंचार्ज शिशुपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल को गंगा घाटों पर तैनात किया गया। पुलिस टीम ने घाटों पर लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की। चौकी इंचार्ज की सक्रियता और मुस्तैदी के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गईं।
चौकी इंचार्ज शिशुपाल सिंह ने बताया कि गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है तथा श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए भी उचित पार्किंग व्यवस्था की गई है, जिससे घाटों के आसपास जाम की स्थिति न बने।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि गंगा में कई स्थानों पर पानी गहरा है, इसलिए किनारे पर रहकर ही स्नान करें और गहरे पानी में जाने से बचें। साथ ही गंगा जल और गंगा तट की पवित्रता बनाए रखते हुए किसी भी प्रकार की गंदगी न फैलाने का अनुरोध किया।
महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट पर वस्त्र बदलने के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की गई है। वहीं एसआई चंद्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा गंगा घाटों पर पैनी नजर रखी जा रही है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
श्रद्धालुओं ने पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा इंतजामों की सराहना की। विशेष रूप से चौकी इंचार्ज शिशुपाल सिंह की सक्रियता, तत्परता और बेहतर प्रबंधन की लोगों ने प्रशंसा की। उनका कहना है कि भीड़ के बीच पुलिस की मुस्तैदी से श्रद्धालुओं में सुरक्षा का विश्वास बना रहा।
इस मौके पर गंगा भक्तों के साथ कर्णवास चौकी का समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
