Sun. Mar 15th, 2026

इंदौर में 13 वर्षीय बालक घर छोड़कर गया, पत्र लिखकर बोला—‘प्रेमानंद महाराज के चरणों में जीवन समर्पित करूंगा’

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के खजराना थाना क्षेत्र से एक 13 वर्षीय नाबालिग बालक के घर छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है. बालक ने घर से जाने से पहले अपने माता-पिता के नाम एक पत्र लिखा, जिसमें उसने बताया कि वह अब अपना जीवन प्रेमानंद महाराज के चरणों में समर्पित करने जा रहा है और माता-पिता उससे खोजने की कोशिश न करें.

जानकारी के अनुसार, बालक खजराना इलाके में अपने परिवार के साथ रहता है और 10वीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है. उसके पिता ड्राइवरी का काम करते हैं. शनिवार को अचानक बालक घर से लापता हो गया. जब परिजनों ने कमरे की तलाशी ली तो उन्हें एक पत्र मिला, जिसमें बालक ने घर छोड़ने की बात लिखी थी.

पत्र में बालक ने लिखा कि वह अब आध्यात्मिक मार्ग अपनाना चाहता है और प्रेमानंद महाराज की सेवा में अपना जीवन बिताएगा. उसने यह भी लिखा कि वह घर से केवल 1000 रुपये लेकर जा रहा है और यह रकम उसके एक दोस्त द्वारा बाद में वापस कर दी जाएगी. पत्र में उसने माता-पिता से चिंता न करने और उसे ढूंढने की कोशिश न करने की भी बात कही है.

बालक के अचानक घर से गायब होने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है. परिजनों ने तुरंत मामले की सूचना खजराना थाने में दी. पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और बालक की तलाश शुरू कर दी है.

पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत संभावित स्थानों पर जांच कर रही है. साथ ही बालक के दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है.

खजराना पुलिस का कहना है कि बालक की तलाश के लिए टीम लगा दी गई है और जल्द ही उसे ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को इस बालक के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *