गंगासेवक पंकज बघेल ने जन्मदिन पर बेलपत्र का पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कर्णवास (डिबाई)। डिबाई क्षेत्र के कर्णवास स्थित श्री कल्याणी देवी गंगा घाट पर गंगासेवक एवं पर्यावरण प्रेमी पंकज कुमार बघेल ने अपने जन्मदिन को सेवा और प्रकृति संरक्षण के संकल्प के साथ मनाते हुए बेलपत्र का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
पंकज बघेल पिछले कई वर्षों से गंगा सेवा, गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण, बेसहारा एवं घायल जीवों की रक्षा तथा मानव सेवा के कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जन्मदिन केवल उत्सव का नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी अवसर है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने जन्मदिन पर बेलपत्र का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पंकज बघेल ने बताया कि वे लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के सेवा, धर्म और जनकल्याण के कार्यों से प्रेरणा लेते हैं तथा भगवान महादेव और माँ गंगा की सेवा को अपने जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य मानते हैं। वे वर्षों से गंगा तट पर स्वच्छता अभियान चलाने, लोगों को गंगा संरक्षण के लिए प्रेरित करने तथा पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने केवल जमीनी स्तर पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी हजारों लोगों को पर्यावरण संरक्षण, गंगा स्वच्छता, वृक्षारोपण और मानव सेवा के प्रति जागरूक किया है। उनकी प्रेरणा से अनेक लोग सेवा कार्यों से जुड़ रहे हैं।
पंकज बघेल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से गंगा किनारे हजारों वृक्ष लगाकर एक “भागीरथी वन” विकसित किया है, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे और वृक्ष मौजूद हैं। वे केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहते, बल्कि प्रत्येक पौधे के चारों ओर सुरक्षा कवच लगाकर उसकी नियमित देखभाल भी करते हैं, ताकि पौधे सुरक्षित रहकर बड़े वृक्ष बन सकें।
इस अवसर पर पंकज बघेल ने कहा, “पेड़-पौधे पृथ्वी के आभूषण हैं। यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देना है तो अधिक से अधिक वृक्ष लगाने होंगे और उनकी रक्षा भी करनी होगी। हम इन पेड़-पौधों को कभी नष्ट नहीं होने देंगे।” उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य शुभ अवसरों पर अधिक से अधिक पौधा अवश्य लगाने और उनकी जिम्मेदारी लेने की अपील की।
