Tue. Jul 7th, 2026

पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ वन महोत्सव का हुआ समापन, छात्राओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
डिबाई। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डिबाई में वन महोत्सव कार्यक्रम के समापन अवसर पर छात्राओं के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वृक्षारोपण के महत्व को समझाना था।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक पेंटिंग और विचारोत्तेजक निबंधों के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। छात्राओं ने अपने चित्रों और लेखों में जल, जंगल और जमीन के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा हरित वातावरण बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर विशेष बल दिया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में नेहा माथुर, कल्पना, नूर फातिमा और काजल सहित अन्य छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पर्यावरण बचाने का प्रभावी संदेश दिया। छात्राओं की कलाकृतियों की उपस्थित शिक्षकों ने सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी प्रधानाचार्य अखिलेश कुमार ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, छाया, फल, औषधियां और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। यदि वृक्षों की अंधाधुंध कटाई जारी रही तो आने वाले समय में मानव जीवन गंभीर संकट में पड़ सकता है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने घर, खेत अथवा सार्वजनिक स्थानों पर “एक पेड़ माँ के नाम” अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प भी लें।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हर व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा।
इस अवसर पर रिलेशन सिंह, वीर प्रताप सिंह, अवधेश कुमार, काजल, लक्ष्मीकांत सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *