Tue. Jul 7th, 2026

डिबाई विधायक चंद्रपाल सिंह के प्रयासों से कैंसर पीड़ित को मिली ₹2.50 लाख की सहायता, क्षेत्रवासियों ने जताया आभार

डिबाई। डिबाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रपाल सिंह अपने जनसेवा और संवेदनशील कार्यशैली के कारण लगातार क्षेत्र की जनता का विश्वास जीत रहे हैं। आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उनकी सक्रियता की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है। विधायक के जनहित कार्यों से प्रभावित होकर लोग उनका धन्यवाद व्यक्त कर रहे हैं।

इसी क्रम में डिबाई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दानपुर निवासी सोनू गुप्ता, पुत्र विष्णु गुप्ता, गंभीर कैंसर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनका उपचार दिल्ली स्थित राजीव गांधी कैंसर इंस्टिट्यूट एंड रिसर्च सेंटर में चल रहा है। उपचार का खर्च अत्यधिक होने के कारण परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा था।

मामले की जानकारी मिलने पर विधायक चंद्रपाल सिंह ने गंभीरता दिखाते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का अनुरोध किया। विधायक के प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित सोनू गुप्ता के उपचार के लिए ₹2,50,000 (दो लाख पचास हजार रुपये) की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर दी गई।

आर्थिक सहायता मिलने से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधायक चंद्रपाल सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से इलाज जारी रखने में काफी मदद मिलेगी।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि विधायक चंद्रपाल सिंह लगातार जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर कार्य कर रहे हैं। जरूरतमंदों की सहायता, विकास कार्यों और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के कारण उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। लोगों ने विधायक के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का यही स्वरूप जनता के विश्वास को मजबूत करता है। विधायक ने भी ईश्वर से सोनू गुप्ता के शीघ्र स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौटने की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *