Tue. Jul 7th, 2026

रिंकू सिंह की केकेआर में वापसी पर समर्थकों ने बांटी मिठाई, जताई खुशी

 

जवां (अलीगढ़)। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे और अलीगढ़ की शान रिंकू सिंह की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम में वापसी की खबर से उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर शुक्रवार को विकासखंड जवां के ग्राम मुजफ्फरा में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व कॉलेज अध्यक्ष रोहित मथुरिया ने किया। उन्होंने कहा कि रिंकू सिंह ने अपनी मेहनत, संघर्ष और शानदार प्रदर्शन के दम पर देशभर के क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि रिंकू सिंह आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट टीम की नीली जर्सी पहनकर अलीगढ़, उत्तर प्रदेश और पूरे देश का नाम विश्वभर में रोशन करेंगे।

रोहित मथुरिया ने कहा कि रिंकू सिंह की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार संघर्ष किया और कभी हार नहीं मानी। यही जज्बा उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाता है। उन्होंने युवाओं से रिंकू सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

मिठाई वितरण के दौरान उपस्थित लोगों ने रिंकू सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि वह आगामी आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएंगे। कार्यक्रम के दौरान पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला और क्रिकेट प्रेमियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *