कर्णवास में गंगा दशहरा की तैयारियां पूरी, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
कर्णवास में गंगा दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। तीर्थ नगरी कर्णवास के गंगा घाटों पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं सुविधा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है, ताकि स्नान के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो सके।
गंगा दशहरा पर्व को लेकर क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है। पर्व की तिथि को लेकर चर्चाएं जरूर चल रही हैं, लेकिन जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने 25 मई को गंगा दशहरा मनाए जाने की तैयारियों पर मुहर लगा दी है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
कर्णवास चौकी इंचार्ज चंद्रपाल सिंह लोधी लगातार गंगा घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। उनके निर्देशन में घाटों पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
पर्व के दौरान एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर तैनात रहेगी। इसके अलावा प्रशिक्षित गोताखोरों को गंगा में लगाया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य किया जा सके। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और स्टीमर के माध्यम से गंगा में निगरानी रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन लगातार गंगा में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं पर नजर बनाए रखेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा छोटे एवं बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था भी की गई है। पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहेगी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। इसके अलावा साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
गंगा दशहरा पर्व पर कर्णवास में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और स्नान के लिए कर्णवास पहुंचेंगे। प्रशासन की तैयारियों को देखकर श्रद्धालुओं में भी संतोष दिखाई दे रहा है।
