Sat. May 16th, 2026

गीत, नृत्य और वाद्य यंत्रों के माध्यम से छात्राओं ने सीखी भाषा की बारीकियां

 

बुलंदशहर जिले के डिबाई क्षेत्र स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पला कसेर में आयोजित भाषा संबंधी समर कैंप के तृतीय दिवस पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर भाषा ज्ञान के साथ सांस्कृतिक समझ भी विकसित की। कैंप के दौरान गीत, नृत्य, चित्रकला, कथा एवं वाद्य यंत्रों से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

समर कैंप में छात्राओं को गीतों और नृत्य के माध्यम से भाषा की अभिव्यक्ति, उच्चारण तथा संवाद शैली की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि संगीत और कला के माध्यम से भाषा को सरल एवं रोचक तरीके से सीखा जा सकता है। छात्राओं ने समूह में गीत गाकर भाषा की लय और शब्दों की समझ विकसित की, वहीं नृत्य की गतिविधियों ने उनमें आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल को बढ़ाया।

कैंप के दौरान छात्राओं को विभिन्न प्रकार के वाद्य यंत्रों की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि क्षेत्र में कौन-कौन से पारंपरिक वाद्य यंत्र प्रयोग किए जाते हैं और उनका सांस्कृतिक महत्व क्या है। छात्राओं ने ढोलक, मंजीरा, हारमोनियम तथा अन्य वाद्य यंत्रों के चित्र बनाकर अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कथा गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को भाषा की रचनात्मक शैली और अभिव्यक्ति के तरीके भी सिखाए गए।

कार्यक्रम में दीप्ति शर्मा, अंजनी, कनीज फातिमा, आफिया, अलीशा सहित अनेक छात्राएं सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं। कैंप के सफल संचालन में शिक्षक लक्ष्मीकांत, दिनेश चंद, प्रमोद कुमार सिंह, वीर प्रताप सिंह, अवधेश कुमार, काजल राघव एवं इकरा तस्वीर का विशेष सहयोग रहा। शिक्षकों ने छात्राओं को नई-नई गतिविधियों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित किया।

प्रभारी प्रधानाचार्य अखिलेश कुमार ने बताया कि छात्राएं समर कैंप की गतिविधियों में पूरे उत्साह और लगन के साथ भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के समर कैंप छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, भाषा कौशल एवं पाठ्य सहगामी गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही ऐसे कार्यक्रम छात्राओं की रचनात्मक क्षमता को निखारने और उनमें टीम भावना विकसित करने में भी सहायक सिद्ध होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *