वॉशरूम में बेहोश हुए पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, AIIMS में भर्ती
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सोमवार को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, वह अपने आवास पर वॉशरूम जाते समय अचानक बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई। प्रारंभिक इलाज के लिए उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया था, जहां से बाद में विशेषज्ञ उपचार के लिए दिल्ली AIIMS रेफर कर दिया गया।
एम्स में धनखड़ को कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें पहले से हृदय संबंधी पुरानी समस्या है, जिसके चलते उनकी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए लगातार निगरानी की जा रही है। अस्पताल सूत्रों का कहना है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और आवश्यक जांचें की जा रही हैं।
74 वर्षीय जगदीप धनखड़ पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं। उपराष्ट्रपति रहते हुए भी कई अवसरों पर उनकी तबीयत बिगड़ने की खबरें सामने आ चुकी हैं। इसी कारण उन्होंने हाल के समय में सार्वजनिक गतिविधियों में भी सीमित भागीदारी की थी।
धनखड़ के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे के इलाज को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
