कर्णवास में अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई
कर्णवास में बाबा साहब अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी
विधानसभा डिबाई क्षेत्र के ग्राम कर्णवास में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूरे गांव में सामाजिक समरसता और जागरूकता का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न सामाजिक कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बहुजन महापुरुषों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इन झांकियों में भगवान गौतम बुद्ध, महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले, साहू जी महाराज, संत गाडगे जी महाराज, माता रमाबाई, मान्यवर कांशीराम, दीना-भाना, सम्राट अशोक तथा ई.वी. रामास्वामी पेरियार जैसे महान विभूतियों के जीवन और उनके विचारों को दर्शाया गया। पूरे गांव में “जय भीम” और “जय संविधान” के नारों के साथ शोभा यात्रा निकाली गई, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान युवा मंगल दल अध्यक्ष सौरभ कुमार ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है, जिससे हमें प्रेरणा लेकर समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को अपनाने और समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
इस दौरान दिनेश चंद्र गौतम ने अपने विचार रखते हुए कहा कि बाबा साहब ने हमें संविधान के माध्यम से समान अधिकार दिए हैं, जिनकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। अशोक कुमार ने भी अपने संबोधन में कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए एकजुटता और जागरूकता बेहद जरूरी है। वहीं दिनेश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के संघर्ष और विचारों के बारे में जानने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर सामाजिक समरसता, शिक्षा और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। आयोजन में गांव के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।
इस मौके पर सौरभ कुमार, दिनेश चंद्र गौतम, अशोक गौतम, विनोद कुमार, योगेन्द्र सिंह, आलोक गौतम, रवि गौतम, टिंकू गौतम, राजपाल (पूर्व प्रधान), चंद्रशेखर आजाद, पंकज गौतम, कुलदीप सिंह, भगवानदास, विष्णु गौतम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समापन पर आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया
