Thu. Aug 27th, 2026

गंगा दशहरा पर छोटी काशी अनूपशहर के गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

बुलंदशहर। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर बुधवार 24 जून 2026 को जनपद बुलंदशहर की छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध अनूपशहर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दूर-दराज क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। गंगा घाटों पर भक्तिमय वातावरण नजर आया और हर ओर जय मां गंगे के जयकारे गूंजते रहे।

गंगा दशहरा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए। परिवारों ने धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए गंगा तट पर पूजा-अर्चना की और मां गंगा से सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह प्याऊ लगाकर शरबत वितरण किया गया। कई स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन कर लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से गंगा घाटों पर पुलिस बल तैनात रहा। गोताखोरों की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रशासन और सामाजिक संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई कि गंगा में निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें। गंगा घाटों पर किसी भी प्रकार की गंदगी न फैलाएं और मां गंगा की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। श्रद्धालुओं से प्लास्टिक व अन्य कचरा गंगा तट पर न छोड़ने का भी संदेश दिया गया।

गंगा दशहरा के इस पावन पर्व पर अनूपशहर के गंगा घाटों पर आस्था, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *