Wed. Jul 1st, 2026

 कर्णवास में क्रिकेट का महाकुंभ शुरू, चांदी के सिक्के से हुआ टॉस

कर्णवास (डिबाई)। गांव कर्णवास में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार आगाज हुआ। ग्राम प्रधान अंकित शर्मा ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया, जबकि पहले मुकाबले का टॉस चांदी के सिक्के से कराया गया, जिसने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

 

पहले मैच में गोसमी के कप्तान बलदेव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। डिबाई की टीम ने 8 ओवर में 75 रन बनाए, लेकिन गोसमी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 7.3 ओवर में 76 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

ग्राम प्रधान अंकित शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं और ऐसे आयोजन क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

टूर्नामेंट समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, इसलिए यहां एक बड़े खेल स्टेडियम का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों द्वारा अंपायरों के फैसलों का सम्मान करने की भी सराहना की।

 

दूसरा मुकाबला भीमवीरपुर और बदरपुर के बीच खेला गया। भीमवीरपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 70 रन बनाए। जवाब में बदरपुर की टीम भी 70 रन ही बना सकी, जिससे मैच टाई हो गया। इसके बाद दो सुपर ओवर खेले गए और दूसरे सुपर ओवर में भीमवीरपुर ने 4 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।

 

करीब दो हजार दर्शकों की मौजूदगी, डीजे की धुनों और राम सिंह की जोशीली कमेंट्री ने पूरे आयोजन को आईपीएल जैसा माहौल प्रदान किया। बाहर से आई टीमों और दर्शकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।

 

इस दौरान समिति के सदस्य अशोक, विष्णु, परवीन, राम सिंह मास्टर, निखिल, शिवम, हरिओम, सुभाष, रूपेंद्र और दीपक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

ग्राउंड रिपोर्ट: सौरभ आर्जव ✍️🏏

कर्णवास, डिबाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *