Sun. Jun 28th, 2026

कर्णवास गंगा घाट पर बड़ा हादसा: गंगा में डूबा 12 वर्षीय बालक, क्षेत्र में शोक की लह

कर्णवास (बुलंदशहर)। विधानसभा डिबाई क्षेत्र के ग्राम कर्णवास स्थित पौराणिक एवं धार्मिक महत्व के देवत्रय गंगा घाट पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा स्नान के दौरान 12 वर्षीय एक बालक गहरे पानी में डूब गया, जिससे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और बालक की तलाश शुरू कर दी गई।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार घटना सुबह लगभग 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु बड़ी संख्या में गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचे हुए थे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंगा नदी में बैरिकेडिंग (वर्गेटिंग) लगाई गई है तथा श्रद्धालुओं को उसी सीमा के भीतर स्नान करने की सलाह दी जाती है। इसके बावजूद कुछ लोग बैरिकेडिंग के बाहर जाकर स्नान कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार लोगों को गहरे पानी में जाने से रोका जा रहा था और कई बार लाउडस्पीकर के माध्यम से चेतावनी भी दी गई थी। हालांकि कुछ श्रद्धालुओं ने प्रशासन की अपील को गंभीरता से नहीं लिया। इसी दौरान 12 वर्षीय बालक स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते तेज बहाव में लापता हो गया।

घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन और स्थानीय लोग बालक को बचाने के लिए नदी में कूद पड़े, लेकिन तब तक वह पानी में ओझल हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, गोताखोरों और राहत टीम को मौके पर बुलाया गया। कई घंटों तक बालक की तलाश जारी रही।

ग्रामीणों का कहना है कि गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए और अधिक सख्ती बरतने की आवश्यकता है। उनका मानना है कि बैरिकेडिंग के बाहर जाने वाले लोगों पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा घाट पर सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

पुलिस प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और निर्धारित सीमा के भीतर ही स्नान करें। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन नियमों का पालन करना आम जनता की भी जिम्मेदारी है।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग बालक के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है।

रिपोर्ट: सौरभ आर्जव
स्थान: कर्णवास, विधानसभा डिबाई, जनपद बुलंदशहर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *