गंगा स्नान कर लौट रहे टेंपो के पलटने से पांच बच्चे, दो महिलाएं व चालक घायल
रामघाट (बुलंदशहर)। थाना रामघाट क्षेत्र में गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो जर्जर सड़क के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो चालक सहित पांच बच्चे और दो महिलाएं घायल हो गए। सूचना मिलते ही रामघाट पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए अतरौली अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ के एटा चुंगी निवासी सोनू पुत्र चंद्रपाल सिंह अपने परिवार के साथ गंगा स्नान कर टेंपो संख्या UP 81 AT 3735 से वापस लौट रहे थे। जैसे ही टेंपो थाना रामघाट क्षेत्र में अलीगढ़-रामघाट कल्याण सिंह मार्ग पर बॉर्डर के समीप पहुंचा, जर्जर सड़क के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में शिव (11 वर्ष), हेमंत (12 वर्ष), अंजलि (10 वर्ष), कौशल (15 वर्ष) और विवेक (9 वर्ष) सहित दो महिलाएं और चालक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को टेंपो से बाहर निकाला और सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली भेजा। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अलीगढ़-रामघाट कल्याण सिंह मार्ग की जर्जर हालत लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। उन्होंने सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
