निवाड़ी बागर में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से 7 वर्षीय मासूम की मौत
बुलंदशहर जनपद के डिबाई क्षेत्र के ग्राम निवाड़ी बागर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय मासूम बच्चे की तालाब में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम निवाड़ी बागर निवासी राजेश का 7 वर्षीय पुत्र शिवा शुक्रवार सुबह अपने खेतों की ओर जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार गांव के पास स्थित एक ईंट भट्टे के लिए मिट्टी खनन किया गया था, जिससे रास्ते के किनारे एक गहरा गड्ढा बन गया। बारिश के दिनों में उस गड्ढे में पानी भरकर तालाब का रूप ले लेता है। गांव के लोग रोजमर्रा के कामों और खेतों तक जाने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।
बताया जा रहा है कि खेतों की ओर जाते समय अचानक शिवा का पैर फिसल गया और वह पानी से भरे गहरे तालाब में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने जब तक उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मासूम शिवा की मां का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने पिता, और बहन के साथ रह रहा था। बेटे की मौत के बाद पिता राजेश और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव की महिलाएं और परिजन उन्हें ढांढस बंधाने में जुटे रहे।
घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं ग्रामीणों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मिट्टी खनन के कारण बने इस खतरनाक तालाब से पहले भी कई बार दुर्घटना होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तालाब को जल्द भरवाया जाए या उसके चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि हर दिन बच्चों और किसानों का इसी रास्ते से आना-जाना होता है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो फिर किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
