Mon. May 11th, 2026

कर्णवास में क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, युवाओं में दिखा उत्साह
बुलंदशहर जनपद के डिबाई क्षेत्र स्थित कर्णवास गांव में रविवार को क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन कर्णवास निवासी ठाकुर अभय प्रताप सिंह ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दूर-दूर से आई टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान में पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।
इस अवसर पर ठाकुर अभय प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं को नशे और गलत गतिविधियों से दूर रखते हैं तथा उनमें अनुशासन और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी टीमों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान जितेंद्र सिंह फौजी ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कर्णवास गांव में आज भी युवाओं के लिए खेल स्टेडियम और पुस्तकालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। गांव के प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों की कमी के बावजूद मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांव में स्टेडियम और पुस्तकालय निर्माण की मांग को लेकर सरकार और प्रशासन से जल्द ही मांग की जाएगी, ताकि गांव के युवा खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में अपने लक्ष्य तक पहुंच सकें।
क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों के खिलाड़ियों ने भी आयोजन की सराहना की और कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसे आयोजनों से नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। मैच के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ मैदान में मौजूद रही। ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए तालियों और नारों से उनका स्वागत किया।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों अशोक गौतम ने बताया कि टूर्नामेंट आगामी दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न गांवों और क्षेत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर क्रिकेट टूर्नामेंट कर्णवास की टीम के पदाधिकारी, गांव के गणमान्य लोग, युवा खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *