Sun. Jun 21st, 2026

गंगा किनारे दलदल में फंसे गोवंश को गंगासेवकों ने सुरक्षित निकाला

(बुलंदशहर)। डिबाई क्षेत्र के पौराणिक तीर्थ कर्णवास में गंगा किनारे दलदल में फंसे एक गोवंश की जान गंगासेवकों की तत्परता से बच गई। घटना की सूचना मिलते ही गंगासेवकों की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाला।
गंगासेवक पंकज बघेल ने बताया कि गंगा किनारे कई स्थानों पर दलदल बन जाने के कारण बेसहारा गोवंश और अन्य पशु अक्सर उसमें फंस जाते हैं। समय पर सहायता न मिलने पर उनकी जान को गंभीर खतरा पैदा हो जाता है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम हमेशा ऐसे मामलों में तत्पर रहती है और सूचना मिलते ही राहत कार्य में जुट जाती है। पंकज बघेल ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से गंगा सेवा के साथ-साथ बेसहारा जीवों की सेवा कर रहे हैं। गंगा की स्वच्छता, सुरक्षा और जीव संरक्षण उनकी टीम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि “गोवंश और अन्य जीवों की रक्षा करना हमारा नैतिक कर्तव्य है। जब तक जरूरत होगी, हम सेवा के लिए तैयार रहेंगे।” गंगासेवकों के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्रवासियों ने जमकर प्रशंसा की और इसे मानवता व करुणा का सजीव उदाहरण बताया इस बीच
सौरभ कुमार ने बताया कि गोवंश को दलदल से राहत के लिए त्वरित बचाव दल, जेसीबी व रस्सियों की व्यवस्था, सुरक्षित रास्ते बनाना, चेतावनी बोर्ड लगाना, जलनिकासी सुधार, नियमित निगरानी, पशु-चिकित्सा सहायता और आसपास बाड़बंदी आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ न हों
मौके पर गंगासेवक, पंकज बघेल, दीपक कुमार, गोलू, गौरव गंगासेवक आशीष, सौरभ कुमार, आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

ट्रैक्टर थ्रेसर में फंसकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम अतरौली। कोतवाली क्षेत्र के गांव नऊरी भोजपुर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक ट्रैक्टर-थ्रेसर से करब की कुट्टी गोदते समय मशीन में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव नऊरी भोजपुर निवासी विवेक पुत्र जालीम सिंह (23 वर्ष) शुक्रवार रात करीब 10 बजे ट्रैक्टर-थ्रेसर से करब की कुट्टी तैयार करने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ मशीन में फंस गया और देखते ही देखते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों एवं ग्रामीणों ने तत्काल घायल विवेक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अतरौली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर रात उपचार के दौरान विवेक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। विवेक अपने परिवार का बड़ा बेटा था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। ग्रामीणों ने बताया कि वह मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था। उसके असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। शनिवार को गांव में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार की तैयारियां की गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने कृषि कार्यों में उपयोग होने वाली मशीनों के संचालन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।